Meerut News: प्रेमी के साथ नई जिंदगी की चाहत थी, सहेली की जान लेकर खुद को मरा हुआ दिखाया - police arrested a woman in case of murder of her friend - News Summed Up

Meerut News: प्रेमी के साथ नई जिंदगी की चाहत थी, सहेली की जान लेकर खुद को मरा हुआ दिखाया - police arrested a woman in case of murder of her friend


यूपी के मेरठ के लिसाड़ी गेट इलाके में 2 अप्रैल को एक घर में आग लगी थी। इस आग में एक महिला का जला हुआ शव बरामद किया गया था। तब माना गया था कि यह घर की महिला अफसाना का शव है मगर कुछ समय पहले ही वह जिंदा अचानक सामने आई तो सभी के होश फाख्ता हो गए। ऐसे में पुलिस के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया कि आखिर जला हुआ शव किसका था? लंबी पड़ताल के बाद आखिर पुलिस ने बुधवार को पूरे मामले से परदा उठा दिया।एसएसपी नितिन तिवारी ने बुधवार को बताया कि अफसाना ने अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए अपनी सहेली को नशे की गोलियां खिलाकर अपने ही घर में जलाकर मार दिया था और खुद फरार हो गई थी। तब सभी ने समझा था कि अफसाना की जलकर मौत हो गई है। अब पुलिस ने सहेली की हत्या के आरोप में अफसाना को गिरफ्तार कर लिया है।बता दें कि मेरठ के रशीद नगर के रहने वाले अबरार के घर में 2 अप्रैल को आग लग गई थी। तब माना गया था कि उसकी पत्नी अफसाना की मौत हो गई है। परिजनों ने जब लाश की शिनाख्त की तो पुलिस ने शव को परिजनों के विरोध के बावजूद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालों ने उसे सुपुर्दे खाक कर दिया था।इसी दौरान 17 अप्रैल को श्याम नगर निवासी इश्तियाक खान ने अपनी बहन जीनत के 1 अप्रैल से ससुराल से गायब होने की तहरीर थाना लिसाड़ी गेट में दी थी। पुलिस को विवेचना के दौरान पता चला था कि जीनत का अफसाना के पास आना-जाना था। 25 अप्रैल को पुलिस को अफसाना के जिंदा होने की सूचना मिली तो वह असमंजस में आ गई। सूचना के आधार पर उसने अफसाना को हिरासत में ले लिया था।पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी पहेली यह थी कि अफसाना जिंदा है तो फिर उसके घर से किस महिला का शव जला हुआ मिला था। एसएसपी नितिन तिवारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान अफसाना से की गई पूछताछ के आधार पर जानकारी दी कि 2 अप्रैल को अफसाना के घर से मिला जला हुआ शव उसकी सहेली जीनत का था।अफसाना का गोविंदपुरी निवासी प्रवीण से गत 3-4 बरस से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह अपने पति से खुश नहीं थी और प्रवीण से शादी करके नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी। मजहब और समाज इसमें आड़े आ रहा था, इसीलिए षड्यंत्र के तहत अफसाना ने सहेली जीनत को अपने घर बुलाकर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर सुलाने के बाद कमरे में आग लगा दी थी और खुद वहां से फरार हो गई थी। खुद को मृत घोषित करवाकर वह अपने प्रेमी के पास पहुंची थी, लेकिन उसकी इस हरकत की जानकारी मिलने पर उसके प्रेमी ने भी उसे साथ रखने से इनकार कर दिया था। एसएसपी ने बताया कि अफसाना को गिरफ्तार कर लिया गया है।


Source: Navbharat Times May 02, 2019 08:58 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */