बरतापाली निवासी सोरन राठिया की पुत्री संगीता राठिया (19) गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पास के डबरी (तालाब) में नहाने की बात कह घर से निकली थी। शाम चार बजे तक वह घर नहीं लौटी ताे मां सनीरो बाई ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच शाम करीब 7 बजे गांव के कुछ लोगों ने युवती का शव गांव के बाहर एक अमरूद के पेड़ पर दुपट्टे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। हालांकि जब परिजन मौके पर पहुंचे शव निर्वस्त्र हालात में जमीन पर पड़ा मिला। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि संगीता शव जब उन्होंने लटकते देखा तो शरीर पर पूरे कपड़े थे।जबकि थोड़ी देर बाद परिजनों के पहुंचने पर शव इस हालत में मिला। उसके शरीर से अंडर गार्मेंट घटना स्थल से कुछ दूर पड़े हुए थे। ऐसे में ग्रामीणों को आशंका है कि शव के साथ दुष्कृत्य किया गया होगा। इसके बाद अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई। अमरूद के पेड़ पर युवती का शव फांसी पर लटकने और कुछ देर बाद जमीन पर निर्वस्त्र पड़े होने की सूचना से पुलिस जांच उलझ गई है। एसडीओपी का कहना कि राठिया समाज में मौत के बाद हल्दी का लेप लगाने की प्रथा है। इस पर परिजनों ने ही शव उतार कर युवती के शरीर में लेप लगाने के लिए कपड़े उतारे थे। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Source: Dainik Bhaskar January 25, 2020 06:00 UTC