डिजिटल डेस्क,सिवनी। वन विकास निगम के क्षेत्र अंतर्गत बाघ के हमले से दो लोगों की मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने बाघ की सर्चिंग के लिए अलग-अलग स्थानों पर 20 कैमरे फिट हैं। हालांकि बाघ किसी भी कैमरे में कैप्चर नहीं हुआ है।टीम लगातार बाघ की सर्चिंग में लगी हुई है, वहीं बाघ की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण जंगल व महुआ बीनने के लिए जाने में घबरा रहे हैं। गौरतलब है कि गत दिवस ग्राम डोरली निवासी विनोद उइके को बाघ ने मार डाला था। इससे पहले एक व्यक्ति का भी बाघ ने शिकार किया था।बकरे का भी किया शिकारडोरली गांव के जंगल में जिस स्थान पर बाघ ने एक युवक का शिकार किया था वहां पर बाघ को पकडऩे के लिए पिंजरे में बकरा भी बांधा गया था, लेकिन बाघ ने बकरे का भी शिकार कर डाला। बताया गया कि वन विभाग की टीम लगातार इलाके में नजर बनाए हुए है।जंगल से सटे गांव गोंडेगांव, शैला, घूरवाड़ा, डोरली, उमरवाड़ा समेत अन्य गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने व अकेले जंगल में न जाने की सलाह दी गई है। टीम लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को सतर्क भी कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar April 04, 2026 13:03 UTC