भास्कर न्यूज, पिंपरी। चऱ्होली से मरकल और सोलू एमआईडीसी को जोड़ने वाला इंद्रायणी नदी पर स्थित श्रीमंत सरसेनापती खंडेराव दाभाडे पुल खतरनाक घोषित किए जाने के बाद मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया है। दिसंबर 2025 में यातायात के लिए पूरी तरह बंद किए गए इस पुल की मरम्मत का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। डेढ़ महीने से काम रुके रहने के कारण नागरिकों और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई लोगों का व्यवसाय भी प्रभावित हुआ है।चार से पांच महीने पहले इस पुल को जर्जर अवस्था के कारण खतरनाक घोषित किया गया था। इसके बाद दिसंबर 2025 में इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया। सार्वजनिक बांधकाम विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से मार्च 2026 तक लोड बेयरिंग से जुड़ा मरम्मत कार्य पूरा करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। पुल की कमजोर स्थिति के कारण यातायात के लिए खतरा बताया गया है।यातायात पर पड़ा असरइस मार्ग से प्रतिदिन करीब 4 से 5 हजार वाहन गुजरते थे। पुल बंद होने के बाद इन वाहनों को शेलपिंपलगांव, निरगुड़ी और भोसरी मार्ग से डायवर्ट किया गया है। यातायात पुलिस ने देहू फाटा, आलंकापूर चौक, तापकीर चौक, पांजरपोल चौक, गोडाउन चौक और मोशी मार्ग से वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है। हालांकि, इससे कई इलाकों में यातायात जाम की समस्या बढ़ गई है।नागरिकों की नाराजगीपुल बंद होने से छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और रोजमर्रा का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस मामले में नगरसेवक नितीन कालजे, सचिन तापकीर, सुनील काटे, संदीप खैरे और सागर दाभाडे ने पुल की मरम्मत जल्द शुरू करने की मांग की है।
Source: Dainik Bhaskar February 04, 2026 23:06 UTC