भास्कर न्यूज, पुणे । पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे कात्रज सुरंग से नवले ब्रिज की ओर जाने वाले मार्ग पर जांभुलवाड़ी घाटी पुल के पास हुई।प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोहे के पाइप और सरियों से भरा एक ट्रक कात्रज सुरंग से नवले ब्रिज की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने आगे चल रही बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बस में सवार चार से पांच यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रक का क्लीनर केबिन में लोहे की सरियों के बीच फंस गया, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में बाधा आई। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कटर की मदद से उसे बाहर निकाला। उसकी हालत के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और सुबह के समय भी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि तेज रफ्तार या ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
Source: Dainik Bhaskar February 24, 2026 09:31 UTC