भास्कर न्यूज, पुणे। शहर के खराडी क्षेत्र में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए खराड़ी पुलिस स्टेशन ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर 45 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। इन वाहनों में लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर तेज पटाखा जैसी आवाज उत्पन्न कर रहे थे, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।पुलिस को क्षेत्र के निवासियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक अपनी बाइकों, विशेषकर रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत अन्य दोपहिया वाहनों में कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से संशोधित साइलेंसर लगवा रहे हैं। ये साइलेंसर जानबूझकर तेज और कर्कश ध्वनि उत्पन्न करने के लिए तैयार किए गए थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए नियमित गश्त के दौरान कई स्थानों पर जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ा। जब्त की गई 45 मोटरसाइकिलों से मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए और चालकों को कंपनी-स्वीकृत मूल साइलेंसर दोबारा लगवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है।अभियान के दौरान जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो और कड़ा संदेश दिया जा सके।यह कार्रवाई पुणे शहर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व क्षेत्रीय विभाग) मनोज पाटिल, पुलिस उपायुक्त (जोन-7) सोमय मुंडे और सहायक पुलिस आयुक्त (खराडी विभाग) प्रांजली सोनावणे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण ने किया, जबकि पुलिस उपनिरीक्षक राहुल कोलपे तथा अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Source: Dainik Bhaskar February 24, 2026 09:31 UTC