Panna News: बिजली उपभोक्ताओं के लिए सुनहरा अवसर, समाधान योजना से मिलेगी बडी राहत - News Summed Up

Panna News: बिजली उपभोक्ताओं के लिए सुनहरा अवसर, समाधान योजना से मिलेगी बडी राहत


Panna News: मध्यप्रदेश शासन द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को बडी राहत देते हुए समाधान योजना 2025-26 की समय-सीमा को बढाकर अब 15 मई 2026 तक कर दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत जिले के हजारों उपभोक्ता अपने बकाया बिजली बिल का निपटान भारी छूट के साथ कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है जो आर्थिक कारणों से लंबे समय से अपने बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाए हैं। अब उन्हें सरचार्ज में विशेष छूट देकर बकाया राशि जमा करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। पन्ना जिले में अब तक 37 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है। इन उपभोक्ताओं द्वारा लगभग 9.15 करोड रुपए की राशि जमा की गई है। वहीं करीब 1.69 करोड रुपए के सरचार्ज में छूट प्रदान की गई है। इससे उपभोक्ताओं को बढी आर्थिक राहत मिली है। यह योजना घरेलू, गैर-घरेलू, औद्योगिक एवं कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई है। योजना शासकीय कनेक्शनों पर लागू नहीं होगी।अब भी जिले में लगभग 80 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने इस योजना का लाभ नहीं लिया है। इन पर करीब 40.90 करोड रुपये की मूल बकाया राशि तथा 9.17 करोड रुपये का सरचार्ज बकाया है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 15 मई 2026 तक का समय अंतिम अवसर के रूप में दिया गया है जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। योजना का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा जिले भर में 120 विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं का मौके पर पंजीयन कर बिल संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा तथा छूट की गणना कर लाभ तुरंत प्रदान किया जाएगा। उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केन्द्र, एमपी ऑनलाइन कियोस्क अथवा विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। समाधान योजना बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है जो उन्हें बकाया बिल से राहत दिलाने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि का निपटान करें।


Source: Dainik Bhaskar April 09, 2026 20:52 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */