बहराइच, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में पांचवें चरण के मतदान की तैयारी को लेकर भाजपा बेहद गंभीर है। बहराइच शहर से तीन किमी दूर फत्तेपुरवा महाराजा सुहेलदेव स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करने पहुंचे। सांसद सावित्री बाई फुले के पाला बदलने के बाद भाजपा ने बहराइच से बलहा विधायक अक्षयवर लाल गोंड को खड़ा किया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उनकी मंत्री अनुपमा जायसवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी का बहराइच में स्वागत किया। प्रधानमंत्री बहराइच से पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में थे। पीएम मोदी ने कहा महाराजा सुहेल देव की इस धरती को मैं नमन करता हूं। इतनी गर्मी में आपका हम सभी को आशीर्वाद देने पहुंचना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। इस गर्मी में असली पसीना उनका छूट रहा है जो मोदी हटाओ- मोदी हटाओ के गीत गुनगुनाते रहते हैं।पीएम नरेंद्र मोदी ने बहराइच में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि 23 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद यह एक-दूसरे के कपड़े फाड़ेंगे। इनकी दोस्ती की एक्सपायरी डेट 23 मई ही है।सपा-बसपा या कांग्रेस जमानत बचाने के लिए लड़ रहे हैं। सपा और बसपा आज सुपड़ा साफ होने के डर से भले ही साथ आ गए हो। उन्होंने कहा कि यह तो स्वार्थ का साथ है, ऐसे ही साथ के लिए ही रहीम दास जी कह गए हैं कह रहीम कैसे निभै, बेर-केर के संग! कह रहीम कैसे निभै, बेर-केर के संग! कुछ हफ्तों का ही साथ है। 23 तारीख इनकी एक्सपाईरी डेट पक्की है। रिजल्ट आते ही एक दूसरे के कपड़े फाड़ देंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हमारे आसपास आतंक की नर्सरी चल रही है, जिसे सिर्फ मजबूत सरकार ही उखाड़ फेंक सकती है। उन्होंने लोगों से सवाल पूछा कि क्या आतंक की नर्सरी सपा-बसपा गठबंधन वाले बंद करा सकते हैं क्या? कांग्रेस वाले रोक सकते हैं क्या? जो अफ्स्पा कानून हटाने की बात करते हैं वह आतंकवाद हटाएंगे क्या?
Source: Dainik Jagran April 30, 2019 07:00 UTC