Article 15 Box Office Collection Day 5: आयुष्मान खुराना की 'आर्टिकल 15' का दमदार प्रदर्शन जारी, अब हो गये इतने करोड़नई दिल्ली, जेएनएन। Article 15 Box Office Collection Day 5: आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की फ़िल्म आर्टिकल 15 का बॉक्स ऑफ़िस पर दमदार प्रदर्शन जारी है। रिलीज़ के पांचवें दिन भी फ़िल्म के कलेक्शंस में स्थिरता बनी हुई है, जिसके चलते आर्टिकल 15 हिट होने के रास्ते पर चल पड़ी है।ट्रेड सूत्रों का अनुमान है कि आर्टिकल 15 ने मंगलवार को लगभग 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है, जिसके साथ फ़िल्म का 5 दिनों का कलेक्शन लगभग 27 करोड़ रुपये हो गया है। यहां ग़ौर करने वाली बात यह है कि वर्किंग वीक में फ़िल्म ठीकठाक चल रही है। फ़़िल्म को माउथ पब्लिसिटी और आयुष्मान खुराना की इमेज का भी फ़ायदा मिल रहा है। पिछले कुछ वक़्त में आयुष्मान की ऐसी फ़िल्में आयी हैं, जिन्होंने दर्शकों को निराश नहीं किया है।अगर आयुष्मान खुराना की पिछली फ़िल्मों को देखें तो कुछ ऐसा ही ट्रेंड रहा है। फ़िल्म की ओपनिंग अमूमन सिंगल डिजिट में रहती है, मगर धीरे-धीरे फ़िल्म हिट हो जाती है। आर्टिकल 15 का यह पहला हफ़्ता चल रहा है। आर्टिकल 15, 28 जून को सिनेमाघरों में पहुंची। पहले दिन फ़िल्म ने 5.02 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। शनिवार को 7.25 करोड़ रुपये और रविवार को 7.77 करोड़ रुपये जुटा लिये, जिसके साथ ओपनिंग वीकेंड में ही फ़िल्म न 20.04 करोड़ रुपये जमा कर लिये थे।सोमवार को वर्किंग वीक शुरू होने की वजह से फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस आम तौर पर गिरते ही हैं, लेकिन आर्टिकल 15 के कलेक्शंस में अधिक गिरावट नहीं है। सोमवार को फ़िल्म ने 3.97 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ओपनिंग कलेक्शंस के मुक़ाबले यह गिरावट लगभग 20 फ़ीसदी ही है।अनुभव सिन्हा निर्देशित आर्टिकल 15 एक संजीदा फ़िल्म है, जो उत्तर प्रदेश में हुई दुष्कर्म की एक जघन्य घटना से प्रेरित है। फ़िल्म के ज़रिए समाज में जातिगत भेदभाव के मुद्दे को रेखांकित करती फ़िल्म में इस सिस्टम पर कड़ा प्रहार किया गया है।आर्टिकल 15 में आयुष्मान खुराना आईपीएस अफ़सर की भूमिका में हैं। विक्की डोनर से अपना बॉलीवुड करियर शुरू करने वाले आयुष्मान पहली बार पुलिस ऑफ़िसर बने हैं और उनके काम की काफ़ी तारीफ़ हुई है। फ़िल्म में ईशा तलवार, शायोनी गुप्ता और कुमुद मिश्रा ने अहम भूमिकाएं निभायी हैं।Posted By: Manoj Vashisth
Source: Dainik Jagran July 03, 2019 05:03 UTC