सिविल अस्पताल से बच्चा चोरी जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे नवाजत चोरी होने पर उसकी मां ने शोर मचा दिया। बच्चा तीन दिन पहले ही जन्मा था। हंगामा होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक महिला बच्चे को ले जाती नजर आ रही है। बच्चे की मां ने बताया कि महिला सोमवार दोपहर से उससे मेल-जोल बढ़ा रही थी, मंगलवार को उसी ने बच्चा चोरी कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोपहर बाद उसे बच्चे समेत गिरफ्तार कर लिया।भूतनखुर्द की रहने वाली राजप्रीत ने बताया कि 3 दिन पहले उसने लड़के को जन्म दिया। सोमवार शाम डिलीवरी वार्ड में एक महिला उसके पास आकर बैठ गई। उसके साथ एक लड़का भी था। उस महिला ने कहा था कि उसकी भाभी की डिलीवरी होनी है, वे सिरसा से आएंगे। उनका इंतजार कर रही हूं।आरोपी महिला ने नवजात बच्चे को खिलाया। वह रात को भी वहीं बैठी रही। राजप्रीत की रात करीब 2 बजे नींद आ गई। इस दौरान बच्चा उसके पास था। लेकिन जब वह सुबह 5.34 पर उठी तो बच्चा गायब मिला। राजप्रीत ने बच्चा चोरी होने पर हंगामा खड़ा कर दिया।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक महिला बच्चे को लेकर जाती नजर आई। राजप्रीत ने उसे पहचान लिया। वहीं, अस्पताल में मौजूद सुरक्षा स्टॉफ का कहना है कि आरोपी महिला दोपहर से राजप्रीत के साथ बैठी थी, ऐसे में उन्हें लगा कि वह राजप्रीत की जानकार है। इस वजह से उन्होंने उसे नहीं रोका।
Source: Dainik Bhaskar June 11, 2019 06:51 UTC