जागरण संवाददाता, लखनऊ। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे स्थित एक रेस्टोरेंट में बिरयानी के पीस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने मिलकर ग्राहकों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। पिटाई में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मड़ियांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई की जा रही है।टेढ़ी पुलिया निवासी सूरज प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार रात अपने साथी मो. आमिर के साथ मुगलई जायका रेस्टोरेंट पर बिरयानी पैक कराने गए थे। इसी दौरान बिरयानी में दिए गए पीस को लेकर उनका रेस्टोरेंट मालिक रिजवान से विवाद हो गया।सूरज ने पीस बदलने की बात कही, जिस पर आरोपित ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रिजवान ने अपने साथी जमीर और अन्य दस से कर्मचारियों के साथ मिलकर सूरज और आमिर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से सूरज के सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और हाथ भी टूट गया।गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता देवेंद्र प्रताप सिंह को भी आरोपितों ने पीट दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। वहीं, मोहम्मद आमिर भी घायल होकर अचेत हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को थाने लाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
Source: Dainik Jagran April 03, 2026 11:32 UTC