टीम इंडिया ने रविवार रात ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हरा दिया। इस मैच में भारत की जीत की नींव उसके ओपनर्स रोहित शर्मा और शिखर धवन ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी की। रोहित-शिखर वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन 1273 रन की साझेदारी करने वाले पेयर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज और डेसमंड हेंस के नाम था।शिखर-रोहित ने छठी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय साझेदारी की। इन दोनों के अलावा कोई भी जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इतनी शतकीय साझेदारियां नहीं कर पाई है।ग्रीनिज और हेंस ने 29 पारियों में 1152 रन की साझेदारी की थी। रोहित और शिखर की जोड़ी ने यह आंकड़ा महज 22 पारियों में छू लिया। दोनों ने छठी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतकीय साझेदारी की।ऑस्ट्रेलियाई टीम वर्ल्ड कप में अब तक 89 मैच खेल चुकी है। इसमें से तीन टीमों के ओपनर्स ही उसके खिलाफ शतकीय साझेदारी कर पाए हैं।वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर ओपनर्स सबसे ज्यादा रन की साझेदारी करने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और ग्रीम स्मिथ के नाम है।दोनों ने 24 मार्च 2007 को बासेटटेरे के मैदान पर 160 रन की साझेदारी की थी। इंग्लैंड के इयॉन बॉथम और ग्राहम गूच ने ओपनिंग जोड़ी के तौर पर 5 मार्च 1992 को सिडनी में 107 रन की साझेदारी की थी।शिखर वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक सिर्फ 3 देशों के ओपनर ही शतक लगा पाए हैं।इनमें शिखर के अलावा जिम्बाब्वे के नील जोहानसन और दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स शामिल हैं। जोहानसन ने 9 जून 1999 को लार्ड्स में 132* और गिब्स ने 13 जून 1999 को लीड्स में 101 रन की पारी खेली थी।
Source: Dainik Bhaskar June 10, 2019 05:50 UTC