ना फौजी, ना ही कोई सुरक्षा, हैरान करती हैं इन देशों की सीमाएं, 'कहां सोना पसंद करेंगे आप'नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। दुनिया के कई देशों में उनकी सीमाओं को लेकर विवाद है तो कई देशों की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं ऐसी भी हैं, जो अपने आप में अनोखी हैं। इन अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर न तो फौजी तैनात किए गए हैं और न ही कोई सुरक्षा होती है। सर्बियाई लेखक जोरन निकोलिक की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक द एटलस ऑफ अनयूजुअल बॉर्डर्स में ऐसी ही कुछ अनोखी सीमाओं के बारे जानकारी दी गई है।बारलेबेल्जियम के बारले शहर में स्थित नीदरलैंड्स और बेल्जियम की सीमा को सिर्फ संकेतिक अक्षरों से ही समझा जा सकता है, क्योंकि यह सीमा एक घर के बीचों-बीच से गुजर रही है। इस अंतरराष्ट्रीय सीमा को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। इस सीमा को पार कर बड़ी ही सरलता से एक देश से दूसरे देश में जा सकते हैं और बिना किसी रोक-टोक के घूम सकते हैं।मेदुरजकजेकेवल 400 हेक्टेयर में फैला मेदुरजकजे एक छोटा सा गांव है। इस गांव में मात्र 270 लोग रहते हैं। यह सर्बिया में है। सर्बियाई क्षेत्र में आने के बावजूद यह बोस्निया और हर्जेगोविना के अंतर्गत आता है। गांव से ये देश सिर्फ आधे मील की दूरी पर हैं। जहां सर्बिया इस गांव को सड़क और बिजली जैसी बुनियादी जरूरतें प्रदान करता है, वहीं बोस्निया और हर्जेगोविना कर वसूलता है। गांव के बच्चे स्कूल में सर्बियाई पाठ्यक्रम का पालन करते हैं। सर्बिया ने बोस्निया और हर्जेगोविना के साथ सीमा को सही करने के लिए कई बार प्रस्ताव रखा है, जबकि बोस्निया का मानना है कि रूडो (बोस्निया और हर्जेगोविना का एक शहर) और मेदुरजकजे के बीच एक गलियारा स्थापित करना एक बेहतर समाधान होगा।ललिवियाअंडोरा देश के पूर्व में स्थित ललिविया शहर फ्रांस में है, लेकिन यह स्पेन के अंतर्गत आता है। यह शहर फ्रांस-स्पेन सीमा से सिर्फ आधा मील की दूरी पर है। इसकी जनसंख्या केवल 1,500 है। जब 17वीं शताब्दी में स्पेन और फ्रांस के बीच सीमा समझौता हुआ था तो स्पेन को उत्तरी सेर्डन्या के सभी गांवों को फ्रांस को सौंपने के लिए कहा गया था। हालांकि, ललिविया को एक शहर का दर्जा प्राप्त था। ऐसे में स्पेन ने भूमि के इस अलग टुकड़े को अपने पास बरकरार रखा।डायोमीड द्वीपछोटे-बड़े दो द्वीपों वाला डायोमीड द्वीप अलास्का और रूस के बीच की सीमा है। दरअसल, बिग डायोमीड के नाम से जाना जाने वाला बड़ा द्वीप रूस के अंतर्गत आता है और लिटिल डायोमीड के नाम से मशहूर छोटा द्वीप अमेरिका की सीमा में आता है। इन दोनों द्वीपों को उपनाम दिया गया है, जिसके अनुसार बिग डायोमीड को टूमौरो और लिटिल डायोमीड को यसटरडे कहा जाता है।ला क्यूरजिनेवा के उत्तर में लगभग 30 किलोमीटर दूरी पर स्थित ला क्यूर फ्रांस और स्विट्जरलैंड की सीमा पर स्थित एक छोटा सा गांव है। इस गांव का कुछ हिस्सा स्विट्जरलैंड में और कुछ हिस्सा फ्रांस में है। इस गांव में स्थित प्रसिद्ध होटल आर्बेज को दूर-दूर से लोग देखने आते हैं। इसकी खासियत यह कि इसका एक तिहाई भाग स्विट्जरलैंड में है तो दो तिहाई भाग फ्रांस की सीमा में आता है। इस होटल के बारे में एक दिलचस्प बात यह है कि यहां जाने के वालों से अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि वह किस देश में सोना पसंद करेंगे। इस अनोखे स्टाइल के होटल का हर कमरा दो भागों में बंटा हुआ है। इस गांव की आबादी तो बेहद कम है, लेकिन दुनियाभर से पर्यटकों के आने के कारण यह साल भर गुलजार रहता है। इस स्थान की लोकप्रियता का पता इसी से चलता है कि यहां आने वाले पर्यटकों को पहले से होटल की बुकिंग करानी पड़ती है।Posted By: Krishna Bihari Singhअब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Source: Dainik Jagran September 29, 2019 07:46 UTC