अगर आप धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी करने के लिए अपने वाहन से शहर के मुख्य बाजार में जाने की सोच रहे हैं तो अपना इरादा बदल दें। अगर आप वाहन लेकर गए तो आपका चालान हो सकता है।जागरण संवाददाता, देहरादून। धनतेरस और दीपावली के दिन अगर आप खरीदारी करने के लिए अपने वाहन से शहर के मुख्य बाजार में जाने की सोच रहे हैं तो अपना इरादा बदल दें। अगर आप वाहन लेकर गए तो आपका चालान हो सकता है। साथ ही नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने पर आपका वाहन जब्त हो सकता है, जिसके लिए आप पर भारी जुर्माना चुकाकर अपना वाहन छुड़ाना पड़ेगा। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने धनतेरस व दीपावली पर शहर के मुख्य बाजार पलटन, धामावाला, आढ़त, मच्छी, हनुमान चौक, झंडा बाजार आदि में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है। योजना का सख्ती से पालन करवाने के लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि धनतेरस व दीपावली के दिन ग्राहकों का आगमन मुख्य बाजार में अधिक रहेगा। इस कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि चीता पुलिस इमरजेंसी काल के अतिरिक्त अपने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी संभालेगी। साथ ही शहर के मार्गों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान करेगी और क्रेन के माध्यम से टोइंग की कार्रवाई करेगी। अपने क्षेत्र की सुदृढ़ यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित थाना व चौकी प्रभारी की है।ट्रैफिक जाम होने पर यातायात पुलिस के साथ स्थानीय थाना प्रभारी भी जिम्मेदार होंगे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। डीजीपी ने कहा कि यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए। धरना, प्रदर्शन, शोभायात्रा में निर्धारित रूट का ही उपयोग किया जाए। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआइआर दर्ज की जाए। मार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण को हटवाएं। इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन, निदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन, पुलिस अधीक्षक यातायात स्वप्न किशोर आदि मौजूद रहे।पुलिस का सहयोग करेंगे व्यापारीधनतेरस व दीपावली को लेकर प्रेमनगर थाना पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति पैदा न हो इसके लिए बाजार में ठोस पार्किंग व्यवस्था करने की बात कही। व्यापार मंडल के प्रधान राजीव पुंज व दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत सहगल ने कहा कि त्योहार के सीजन में पुलिस को व्यापारियों का पूरा सहयोग मिलेगा।सभी व्यापारी अपना सामान निर्धारित सीमा में रखेंगे। कोई भी घटना घटित होती हे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएगी। इस मौके पर मीडिया प्रभारी रवि भाटिया, विक्की खन्ना, मोहित ग्रोवर, बाबी भाटिया, भूषण भाटिया, सुखपाल गांधी, राजेश भाटिया, नरेंद्र खत्री, राजेश शर्मा, संजय भाटिया आदि मौजूद रहे।यह भी पढें- केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले- आत्मनिर्भर भारत का प्रमाणिक प्लेटफार्म है हुनर हाट
Source: Dainik Jagran October 30, 2021 15:06 UTC