नई दिल्ली, जेएनएन। मोतीनगर थाना क्षेत्र में बीमार बेटी के साथ हो रही छेड़खानी का विरोध करना पिता व भाई को महंगा पड़ गया। आरोपितों ने युवती के पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वहीं युवती का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो अन्य को भी पकड़ा है। आरोपित व पीड़ित पड़ोसी हैं।पुलिस के अनुसार, मामला शनिवार देर रात का है। बसईदारापुर में रहने वाली युवती को उसके पिता व भाई डॉक्टर से दिखाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घर के पास पहुंचे, पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इस पर युवती के पिता व भाई ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आरोपितों ने उन पर पत्थर व चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के पिता व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती के पिता को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।मोनिका भारद्वाज (उपायुक्त, पश्चिमी जिला पुलिस) का कहना है कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आइपीसी की धारा 302, 506, 509 के तहत आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की तहकीकात जारी है।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: JP Yadav
Source: Dainik Jagran May 14, 2019 02:37 UTC