एनआईए का दावा- 3 महीने तक भारत में रहा था मास्टरमाइंड जाहरान हाशिम - Dainik Bhaskar - News Summed Up

एनआईए का दावा- 3 महीने तक भारत में रहा था मास्टरमाइंड जाहरान हाशिम - Dainik Bhaskar


श्रीलंका हमले के मास्टरमाइंड जाहरान हाशिम के काॅल डेटा से पता चला है कि वह केरल और तमिलनाडु में लंबे समय से सक्रिय था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का कहना है कि हाशिम लगभग तीन महीने तक भारत में रहा था। हाशिम से कनेक्शन के आरोप में एनआईए ने केरल के पलक्कड़ से रियाज अबुबकर उर्फ अबु दुजाना को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी को रियाज के आईएस से संबंध होने का शक है। वह केरल में फिदायीन हमले की फिराक में था।इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, एनआईए से पूछताछ में रियाज ने बताया कि वह पिछले एक साल से हाशिम और इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के भाषण सुन रहा था। वह केरल में आत्मघाती हमले कराने की फिराक में था। जांच एजेंसी के आईजी आलोक मित्तल का कहना है कि हमले के लिए जिम्मेदार मानी जा रही नेशनल थॉवीथ जमात (एनटीजे) से हाशिम अलग हो चुका था।हाशिम ने नेशन ऑफ थॉवीथ जमात नाम से अलग आतंकी संगठन बना लिया था। इसमें लगभग 35 लोगों को भर्ती भी किया था। माना जा रहा है कि इन लोगों ने ही श्रीलंका में चर्च पर हुए हमले को अंजाम दिया।जांच में पता चला है कि रियाज फरार आतंकी अब्दुल राशिद अब्दुल्ला के संपर्क में था। वह उसके आडियो संदेश सुना करता था। रियाज इन संदेशों को आगे भी भेजा करता था ताकि युवाओं को आतंकवाद के रास्ते पर जाने के लिए भड़काया जा सके। माना जा रहा है कि अब्दुल्ला फिलहाल अफगानिस्तान में जाकर छिप गया है।रियाज इसके अतिरिक्त सीरिया में रह रहे आतंकी अब्दुल कय्यूम के संपर्क में भी था। केरल के वलपट्टनम मामले में कय्यूम मुख्य आरोपी है। जांच एजेंसी ने रियाज के घर पर 2016 के उस मामले में रेड की थी, जिसमें केरल के 22 युवा आईएसआईएस में शामिल होने के लिए अफगानिस्तान भेजे गए थे।सूत्रों का कहना है कि हाशिम के साथ रियाज का वीडियो कुछ उसी तरह का है, जैसा आईएस के छह संदिग्धों के फोन से पिछले साल सितंबर में बरामद किया गया था। उस दौरान कोयंबटूर में धरपकड़ की गई थी। कोयंबटूर मामला पिछले साल एनआईए के सुपुर्द किया गया था।एजेंसी का कहना है कि आरोपियों ने वीडियो को डिलीट कर दिया था। फाॅरेंसिक एक्सपर्ट ने इसे दोबारा हासिल किया था। जो साक्ष्य मिले उनके बारे में रॉ को बता दिया गया था। रॉ ने वीडियो से मिली जानकारी के आधार पर श्रीलंका की सुरक्षा एजेंसियों को हमले के बारे में अलर्ट भेजा था।


Source: Dainik Bhaskar April 30, 2019 05:28 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */