आज कुछ तूफानी करते हैं : ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने ऐसे निभाई ड्यूटी कि हीरो बन गया, देखें वीडियोनई दिल्ली, जेएनएन। गुवाहाटी में ट्रैफिक पुलिस का सिपाही रविवार को तेज बारिश और तूफान के वाबजूद अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी से निभाते हुए दिखा। इसी दौरान किसी ने इस पुलिसकर्मी का वीडियो बना लिया और फिर इस वीडियो ने ईमानदारी से ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मी को सोशल मीडिया पर स्टार बना दिया। इस ट्रैफिक पुलिसकर्मी की लोग जबरदस्त तारीफ कर रहे हैं।मिथुन दास व्यस्त रहने वाले बसिस्ता ट्रैफिक चौराहे पर ट्रैफिक मैनेज कर रहे थे। इसी दौरान भारी बारिश होने लगी। उन्होंने खुद के भीगने की परवाह नहीं करते हुए ट्रैफिक का संचालन पूरी जिम्मेदारी से किया। इस दौरान उनके पास रेनकोट भी नहीं था और वीडियो में वे पूरी तरह भीगे हुए नजर आ रहे हैं।उनके इस कारनामे को असम पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पेज पर भी शेयर किया था। 8 सेकंड के इस वीडियो में दास अपनी ड्यूटी को निभा रहे हैं। इस वीडियो को अभी तक 12 हजार लोग देख चुके हैं। इस ट्वीट को 779 बार रिट्वीट किया जा चुका है। इस ट्वीट में लिखा गया है कि हम कॉन्स्टेबल मिथुन दास को कर्तव्य के प्रति उनकी असाधारण लगन के लिए सलाम करते हैं। उनके समर्पण से तूफान कैसे हल्की बारिश में बदल गया। शाबाश! Dedication is thy name! We salute AB Constable Mithun Das (Basistha PS) of @GuwahatiPol , for his exceptional devotion towards duty and showing us how dedication can turn a storm into a sprinkle. Video Courtesy: Banajeet Deka pic.twitter.com/c6vfHaQBlT — Assam Police (@assampolice) March 31, 2019पूरी जिम्मेदारी से ड्यूटी निभाने वाले दास ने बताया कि मेरी ड्यूटी का समय सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक था। उन्होंने कहा कि दोपहर के समय पहले तूफान शुरू हो गया, लेकिन मेरी जगह पर ड्यूटी करने वाला कोई नहीं आया तो फिर मैंने बारिश में अपना काम लगभग 20 मिनट तक जारी रखा।उन्होंने कहा कि भारी बारिश, हवा और बिजली के बीच आसमान के नीचे खड़ा होना थोड़ा डरावना हो सकता है, लेकिन हमारे लिए ड्यूटी पहले आती है। उन्होंने 2015 में असम पुलिस को ज्वाइन किया था।बता दें कि लोगों द्वारा बनाया गया दास का ये वीडियो ट्विटर, वॉट्सऐप , फेसबुक पर समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स कॉन्स्टेबल के इस जज्बे को सलाम कर रहे हैं।गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि बारिश के दौरान ट्रैफिक अधिक हो जाता है, जिसकी वजह से व्यस्त बसिस्ता चौराहे के प्रबंधन में काफी परेशानी होती है, लेकिन प्रबंधन के लिए जिम्मेदार दास ने दिखाया कि चाहे जो भी हालात हों, ड्यूटी पहले आती है।उन्होंने कहा कि हम मिथुन दास के अनुकरणीय कार्य से बहुत खुश हैं और जल्द ही उसे सम्मानित करेंगे।बता दें कि रविवार को राज्य में अलग-अलग जगहों पर तेज बारिश और बिजली गिरने की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई।Posted By: Manish Pandey
Source: Dainik Jagran April 01, 2019 04:43 UTC