Punjab Minister & Congress leader Navjot Singh Sidhu in Indore, MP: Modi Ji uss dulhan ki tarah hain jo roti kum ba… https://t.co/7Z3xga1xuU — ANI (@ANI) 1557551892000पूर्व क्रिकेटर और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए उनकी तुलना ऐसी दुल्हन से की है जो काम कम करती है, चूड़ियां ज्यादा खनकाती है। अपने चुटीले बयानों, तुकबंदी और जुमलों के लिए मशहूर सिद्धू ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनता से ' काले अंग्रेज ' को सत्ता से बाहर करने की भी अपील की।सिद्धू ने कहा, 'मोदी जी उस दुल्हन की तरह हैं जो रोटी कम बेलती है और चूड़ियां ज्यादा खनकाती है ताकि मोहल्ले वालों को यह पता चले कि वह काम कर रही है। बस यही हुआ है मोदी सरकार में।' कांग्रेस के स्टार प्रचारक सिद्धू ने पीएम मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा, 'मोदी केवल झूठ बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री और उनका पूरा कुनबा झूठा है।'सिद्धू ने अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज किया, 'मैंने हीरो नम्बर वन, कुली नम्बर वन और बीवी नम्बर वन जैसी फिल्में देखी थीं। लेकिन इन दिनों मोदी की नई फिल्म आ रही है- फेंकू नम्बर वन।' उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें झूठा नंबर वन, डिवाइडर इन चीफ और अंबानी और अडानी का बिजनस मैनेजर कहता हूं।'मोदी सरकार पर हमला करते हुए सिद्धू ने कहा, 'ना राम मिला, ना रोजगार मिला, हर गली में मोबाइल चलाता हुआ एक बेरोजगार मिला।' राफेल विमान सौदे पर प्रधानमंत्री को घेरते हुए पंजाब की कांग्रेस सरकार के मंत्री ने कहा, 'मोदी देश के लोगों से कहते थे कि उन्हें 10 रुपये का पेन तक खरीदने पर दुकानदार से पक्का बिल लेना चाहिए। लेकिन जब राफेल विमानों की खरीदी के बिल की बात होती है, तो वह बिलबिलाते क्यों हैं? 'इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में एक सभा करते हुए नवजोत सिद्धू ने कहा, 'ये कांग्रेस देश को आजादी देने वाली पार्टी है। मौलाना आजाद की पार्टी है, महात्मा गांधी की पार्टी है। उन्होंने गोरों से आजादी दी थी और तुम इंदौरवालो अब काले अंग्रेजों से इस देश को निजात दिलाओगे। इन चोरों से इन चोर चौकीदारों से इस देश को निजात दिलाओगे।'इस बीच पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान के मामले में सिद्धू की मुश्किल भी बढ़ गई है। चुनाव आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन के मामले में उन्हें नया नोटिस दिया है। इस नोटिस का उन्हें 24 घंटे के अंदर जवाब देना है। मध्य प्रदेश में एक रैली के दौरान सिद्धू ने राफेल डील में उद्योगपति अनिल अंबानी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया था। उन्होंने शहीदों की लाशों पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पीएम को सबसे बड़ा देशद्रोही कहा था।
Source: Navbharat Times May 11, 2019 05:41 UTC