डिजिटल डेस्क,सतना। तमाम जागरूकता कार्यक्रमों और समझाइश के बावजूद यातायात नियमों के पालन में गंभीरता नहीं दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बुधवार को कड़ी कार्रवाई की गई, जिसका नेतृत्व न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रत्युश चतुर्वेदी ने किया। उनकी मौजूदगी में कोलगवां थाने के सामने बैरिकेट लगाकर कोलगवां टीआई सुदीप सोनी और ट्रैफिक टीआई पंकज शुक्ला ने दलबल के साथ छोटे-बड़े वाहनों को रोककर कागजातों की जांच कराई।इस दौरान हेलमेट नहीं लगाने, दो से ज्यादा सवारी बैठाने, नंबर प्लेट में छेड़छाड़ अथवा वैधानिक नंबर प्लेट नहीं लगवाने, ऑटो में ओवरलोडिंग, कार में सीट बेल्ट नहीं लगाने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 57 वाहन चालकों के चालान बनाते हुए अर्थदंड वसूल किया गया। इससे पूर्व 20 फरवरी को कोतवाली थाना परिसर के बाहर मजिस्ट्रेट चेकिंग कराई गई थी।इन पर भी कार्रवाईयातायात पुलिस ने बुधवार शाम को सेमरिया चौक के पास ब्रीद एनालाइजर मशीन के साथ चेकिंग करते हुए बाइक क्रमांक एमपी 19 जेडई 5774 के चालक महेश साकेत और एमपी 19 एमएम 9236 के चालक दुर्गेश चौधरी को नशे की हालत में पाया, जिस पर 185 एमवी एक्ट का प्रकरण बनाकर दोनों गाडिय़ों को जब्त कर लिया गया, इन पर जुर्माने का निर्धारण न्यायालय से किया जाएगा।वहीं बाइक क्रमांक एमपी 19 एमजेड 9991 और एमपी 19 जेडबी 8982 में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर उनके मालिकों से एक-एक हजार का अर्थदंड वसूल किया गया। इतना ही नहीं अवैध साइलेंसर जब्त कर ओरिजनल पार्ट्स लगवाए गए।
Source: Dainik Bhaskar February 26, 2026 19:02 UTC