भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। भोसरी इलाके में व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर एक व्यापारी की पत्नी के बैंक खाते से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना 1 जनवरी की शाम करीब पांच बजे शांतिनगर, भोसरी में हुई। इस प्रकरण में भोसरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, शांतिनगर निवासी परिमल नबकृष्ण परीड़ा (32) भोसरी में व्यवसाय करते हैं। अज्ञात साइबर अपराधी ने उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उनकी पत्नी के नाम से इंडियन ओवरसीज बैंक, भोसरी शाखा के चालू खाते की गोपनीय जानकारी प्राप्त कर ली।आरोपी ने बैंक खाते से कुल 7 लाख 41 हजार 671 रुपये की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। जब खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली, तब पीड़ित ने तुरंत भोसरी पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बैंक लेन-देन, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar February 03, 2026 12:05 UTC