कोलकाता, जेएनएन। ममता बनर्जी की बनावटी फोटो (Morphed Picture) सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पश्चिम बंगाल की महिला भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शुक्रवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में राजनीतिक जंग और तेज हो गई है।मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में पहले ही ममता बनर्जी की टीएमसी पार्टी और भाजपा के बीच तीखी जंग चल रही है। यहां अब तक के पांच फेस में हुए चुनावों के दौरान हर बार भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा टीएमसी प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं। भाजपा के लिए भी राज्य में सबसे बड़ी चुनौती टीएमसी ही है। इसलिए भाजपा नेता भी टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साध रहे हैं। यहां भाजपा और टीएमसी नेताओं के बीच व्यक्तिगत राजनीतिक हमला हिंसात्मक रुख भी ले चुका है।ऐसे में भाजपा नेता द्वारा ममता बनर्जी की बनावटी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते ही राज्य में हंगामा मच गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बनावटी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाली महिला भाजपा नेता का नाम प्रियंका शर्मा है। उनके खिलाफ शुक्रवार को ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। इसके बाद उन्हें हावड़ा जिला पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे हालात पर नजर रखे हुए है। दोनों दलों के बीच टकराव की आशंकाओं के मद्देनजर भी पुलिस पहले से ही अलर्ट है।बताया जा रहा है कि भाजपा युवा मोर्चा की प्रियंका शर्मा ने Priyanka Chopra के MET Gala अवतार में ममता बनर्जी की एक बनावटी फोटो पोस्ट की है। प्रियंका शर्मा ने ये बनावटी फोटो अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट की है। प्रियंका शर्मा के फोटो पोस्ट करते ही सोशल मीडिया पर इसे शेयर किया जाने लगा। इससे थोड़ी देर में ही ममता बनर्जी की MET Gala अवतार में बनावटी फोटो राज्य में वायरल होने लगी।टीएमसी कार्यकर्ताओं को जैसी ही इस फोटो के बारे में पता चला, हंगामा मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दासनगर पुलिस थाना पुलिस ने तुरंत प्रियंका शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। साइबर क्राइम सेल पूरे मामले की जांच कर रही है। मालूम हो कि प्रियंका चोपड़ा के MET Gala अवतार को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी खिंचाई की गई थी। फैंस ने प्रियंका चोपड़ा की इस फोटो को लेकर काफी नकारात्मक और मजाकिया कमेंट किए थे।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Amit Singh
Source: Dainik Jagran May 11, 2019 08:35 UTC