एनबीटी ब्यूरो, लखनऊ : राजनीतिक कड़वाहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सपा सांसद मुलायम सिंह यादव के घर पहुंच गए। उन्होंने बीमार चल रहे मुलायम की कुशल क्षेम पूछी। उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। योगी ने मुलायम सिंह को कुंभ पर एक पुस्तक और गुलाब का फूल भेंट किया। इस दौरान मुलायम के बेटे व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके बेटे-बेटी, मुलायम के भाई शिवपाल यादव व मुलायम की पत्नी भी मौजूद रहीं। शिवपाल यादव सपा छोड़कर अपनी अलग पार्टी बना चुके हैं। अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर भेंद को सद्भाव पूर्ण बताया है। मुलायम की कुशलक्षेम के बहाने लंबे समय बाद मुलायम परिवार एक फ्रेम में दिखा। मुलायम की तबीयत खराब होने के चलते रविवार को उन्हें लोहिया इंस्टिट्यूट में भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह ही वह डिस्चार्ज हुए थे।
Source: Navbharat Times June 11, 2019 01:00 UTC