अमेठी, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में देश की सबसे हॉट सीट में शुमार अमेठी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ताल ठोंक रहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को फिर आड़े हाथ लिया है। स्मृति ईरानी ने कहा कि पांच वर्ष पहले तक तो प्रियंका गांधी वाड्रा की जुबान पर मेरा नाम नहीं रहता था, लेकिन वह आजकल तो अपने पति से अधिक मुझे याद करती है। मैं तो बीते दस वर्ष से यहां सक्रिय हूं।अमेठी में आज मतदान के दौरान बूथ पर जाकर पार्टी के कार्यकर्ताओं से भेंट के बाद मीडिया से भी वार्ता के दौरान स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी पर काफी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रियंका को बीते पांच वर्ष तक अमेठी में झांकने का मौका भी नहीं मिला। उनको तो मेरा नाम तक पता नही था, लेकिन आजकल अमेठी में बेहद ही सक्रिय हैं। प्रियंका की जुबां पर तो आजकल मेरा ही नाम है। वह तो अपने पति रॉबर्ट वाड्रा से अधिक आजकल मेरी चर्चा करती रहती हैं। उनकी जुबान पर रॉबर्ट वाड्रा से अधिक मेरा नाम है।स्मृति ने कहा कि कल अमेठी में एक व्यक्ति की समुचित इलाज के अभाव में मौत हो गई है। केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर बड़ा आरोप लगाया। स्मृति ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। स्मृति ईरानी ने संजय गांधी अस्पताल में मरीज को भर्ती न करने देने का आरोप लगाया है। स्मृति ने कहा कि आज मैं निशब्द हूं- कोई इतना गिर सकता है यह कभी नहीं सोचा था। एक गरीब को सिर्फ इसलिए मरने दिया, क्योंकि उसके पास मोदी का आयुष्मान कार्ड था पर अस्पताल राहुल गांधी का था। संजय गांधी अस्पताल के ट्रस्टी राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा जवाब दें अमेठी को- एक निर्दोष को क्यों मार दिया गया।संजय गांधी अस्पताल के ट्रस्टी राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा जवाब दें अमेठी को कि एक निर्दोष को क्यों मार दिया गया। अमेठी में आज मतदान हो रहा है। इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प है। 2014 में राहुल गांधी ने स्मृति ईरानी को महज 1 लाख 7 हजार वोटों से मात दी थी। यही वजह है कि स्मृति इस बार चुनावी मैदान में सब कुछ झोंक रही हैं।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Dharmendra Pandey
Source: Dainik Jagran May 06, 2019 04:22 UTC