राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एलपीजी संकट पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जमकर वार-पलटवार हुआ। सपा प्रमुख द्वारा अपने घर में मिट्टी के चूल्हे बनवाने के बयान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि जिसके यहां सिलिंडर न हो वो हमारे यहां सूचना भेज दे, हम सिलिंडर भिजवा देंगे। इसके जवाब में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपाई डिप्टी सीएम के बयान से ये साबित हो गया है कि सिलिंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे हैं। आग्रह है कि वो अपना फोन नंबर सोशल मीडिया पर डाल दें या अपने घर, कार्यालय या फिर सीधे अपने जमाखोरीवाले अंडरग्राउंड गोदाम का पता ही दे दें।शुक्रवार को पार्टी की ओर से जारी बयान में सपा प्रमुख ने भाजपाइयों से सवाल पूछते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी और सेवा का दावा करने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी अब कहां नदारद हैं? गैस और तेल की लाइन में लगे लोगों को समझाने और सिलिंडर व तेल दिलवाने के लिए वो गले में भाजपा का पट्टा और गाड़ियों पर भाजपा का झंडा लगाकर क्यों नहीं निकल रहे हैं? वो ‘स्टूल’ लगाकर गैस एजेंसी और पेट्रोल पंपों के आगे क्यों नहीं बैठ जाते? सच तो ये है कि भाजपाई और उनके संगी-साथी हमेशा की तरह भूमिगत हो गये हैं।
Source: Dainik Jagran March 27, 2026 20:21 UTC