JDU में हलचल के बीच अब PK ने ट्वीट किया सुशील मोदी का वीडियो, कहा-इनका भी कोई जोड़ नहींपटना, जेएनएन। जदयू के भीतर पिछले कई दिनों से हलचल मची हुई है और उसका असर अब साफ दिख रहा है, क्योंकि खुद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के द्वारा मीडिया के सामने आकर पार्टी नेताओं को कड़ी चेतावनी दी जा रही है। सीएए-एनआरसी और दिल्ली में भाजपा से गठबंधन पर जहां पार्टी के महासचिव पवन वर्मा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर लगातार हमलावर हैं, जिन्हें नीतीश कुमार ने कड़ी नसीहत दी है, उसके बावजूद ये हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है।पवन वर्मा को दी गई कड़ी नसीहत के बाद जदयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर ने अब बिहार के उपमुख्यमंत्री सह भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी पर जोरदार हमला बोला है और एक वीडियो ट्वीट कर लिखा है कि लोगों को character certificate देने में सुशील मोदी जी का कोई जोड़ नहीं है।अपने इस ट्वीट में प्रशांत किशोर ने सुशील मोदी के ट्वीट को रिट्वीट किया है जिसमें उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए लिखा है कि नीतीश कुमार जी के साथ यह विडम्बना अक्सर होती है कि अपनी उदारतावश वे जिनको फर्श से उठाकर अर्श पर बैठाते हैं, वे ही उनके लिए मुसीबत बनने लगते हैं।उन्होंने किसी को अपनी कुर्सी दी, कितनों को राज्यसभा का सदस्य बनवाया, किसी को गैरराजनीतिक गलियों से उठाकर संगठन में ऊँचा ओहदा दे दिया, लेकिन इनमें से कुछ लोगों ने थैंकलेस होने से गुरेज नहीं किया। राजनीति में भी हमेशा सब जायज नहीं होता।सुशील मोदी ने अपने इस ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इशारा जदयू की पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयान देने वाले दोनों बागी नेताओं, प्रशांत किशोर और पवन वर्मा के लिए है, जो सीएए-एनआरसी और दिल्ली में भाजपा से गठबंधन को लेकर अपनी बात सामने रख रहे हैं।पवन वर्मा और प्रशांत किशोर को सीएम नीतीश कुमार ने सलाह भी दी थी कि उन्हें जो भी कहना है पार्टी की बैठक में आकर विचार-विमर्श करें। नीतीश ने तो इतना तक कह दिया है कि जिन्हें जाना हो जाएं, हमारी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। हमारा स्टैंड क्लियर है।Posted By: Kajal Kumariडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran January 25, 2020 04:20 UTC