कांकेर,जेएनएन। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बड़गांव में दो लाख रुपये के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, सुकमा जिले में एक लाख रुपये के इनामी समेत दो नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। मंगलवार को बड़गांव थाना प्रभारी विपिन कुजूर के नेतृत्व में बीएसएफ व जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम तलाशी अभियान पर निकली थी।मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिपली में एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। घेराबंदी कर उसे पकड़ने के बाद पूछताछ की गई तो वह माओवादी संगठन के मिलिट्री कंपनी नंबर छह के प्लाटून एक का सदस्य व मिलिट्री कंपनी का सप्लाई कमांडर सदाराम नेताम उर्फ सूरज निकला। वह 15 साल से माओवादी संगठन में सक्रिय था। उसके खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।वहीं, दूसरी ओर सुकमा जिले में एक लाख रुपये के इनामी जनमिलिशिया सदस्य देवा व एलओएस सदस्य गंगा ने एसडीओपी कोंटा चंद्रेश ठाकुर व थाना प्रभारी शरद सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पूर्व नक्सली कमांडर अर्जुन का गार्ड रह चुके देवा पर एक लाख रुपये का इनामी घोषित है। दोनों नक्सली आइईडी ब्लास्ट, जवानों के राशन की लूटपाट, सड़क काटने जैसी वारदात में शामिल रहे हैं।Posted By: Tanisk
Source: Dainik Jagran July 03, 2019 17:48 UTC