भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक पदाधिकारी की हत्या के मामले में वांछित हिज्बुल मुजाहिदीन के एक शीर्ष ‘कमांडर' को सुरक्षा बलों ने रामबन जिले में हुई मुठभेड़ में मार गिराया. अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में नौ घंटे चली मुठभेड़ में कुल तीन आतंकवादी मारे गए जबकि सेना का एक जवान शहीद हो गया. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की पहचान ओसामा और उसके सहयोगियों जाहिद और फारुक के तौर पर हुई है. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ समाप्त होने के बाद मकान मालिक को भी सुरक्षित बचा लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि बार-बार आतंकवादियों को समर्पण के लिए प्रेरित करने के बावजूद उन्होंने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाते हुए भागने का प्रयास किया.
Source: NDTV September 29, 2019 03:45 UTC