श्रीगंगानगर| दक्षिण पूर्वी राजस्थान में इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर व आसपास के जिलों में आगामी दो-तीन दिन सुबह- शाम कोहरे का प्रभाव बना रहने की संभावना ह. श्रीगंगानगर क्षेत्र में कोहरे का प्रभाव कम रहा। कोहरा छंटने के बाद दिनभर सुहावनी धूप खिली रही। पिछले 24 घंटों में राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश भैंसरोडगढ़, चित्तौड़गढ़ में 13 मिमी दर्ज हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी 2-3 दिन जारी रहने की संभावना है। आगामी दो तीन दिन सुबह शाम कोहरे का प्रभाव रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहने से मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा व दिन में धूप खिली रहेगी। इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अलग-अलग क्षेत्रों में बादलवाही व हल्की बारिश की संभावना रहेगी। राधेश्याम शर्मा, निदेशक प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर।
Source: Dainik Bhaskar February 02, 2026 23:05 UTC