87 वर्ष की महिला क्रिकेट फैन चारुलता को विराट ने दिए भारत-श्रीलंका मैच के पास और किया ये वादा - News Summed Up

87 वर्ष की महिला क्रिकेट फैन चारुलता को विराट ने दिए भारत-श्रीलंका मैच के पास और किया ये वादा


विशेष संवाददाता, लीड्स। वुवुजेला बजाती 87 साल की बुजुर्ग महिला भारतीय प्रशंसक चारुलता पटेल ने भारत और बांग्लादेश के विश्व कप मैच के दौरान इंटरनेट पर तूफान ला दिया। वह अब सोशल मीडिया की ही नहीं, भारतीय टीम की भी खास हो गई हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उन्हें भारत-श्रीलंका मैच के अपने कोटे के चार पास भी दे दिए हैं और यह भी कहा है अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो वह लॉ‌र्ड्स में होने वाले मैच के भी पास उन्हें देंगे, जिससे वह आराम से भारत का क्रिकेट मैच देख सकें।तंजानिया में पैदा हुई भारतीय मूल की चारुलता पटेल अब लंदन में रहती हैं और क्रिकेट ही उनका जीवन है। जब दैनिक जागरण ने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि मैं खाने के बिना रह सकती हूं, लेकिन क्रिकेट के बिना नहीं। मैं जहां जा सकती हूं वहां पर भारत का मैच देखती हूं और जहां नहीं जा पाती वहां टेलीविजन पर मैच देखती हूं। उन्होंने कहा कि मुझे क्रिकेट का शौक बचपन से है। मैंने 1983 विश्व कप के दौरान कपिल देव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम के भी कई मैच देखे थे। जब टीम ने विश्व कप जीता तो मेरी क्रिकेट में रुचि और बढ़ गई।विराट और रोहित ने छुए थे पैर : भारत और बांग्लादेश के बीच मंगलवार को बर्मिघम में हुए मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज जब भी शॉट मारते और गेंद सीमारेखा के पार जाती तो चारुलता को चमकीले पीले रंग का वुवुजेला बजाकर और भारतीय झंडे को लहराते हुए देखा जाता। उनका उत्साह भारतीय कप्तान कोहली और उप कप्तान रोहित शर्मा की नजरों से भी नहीं बच सका। दोनों ने मैच के बाद उनके मुलाकात की और यहां तक कि उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। पटेल ने कहा कि मैच के बाद विराट मुझसे मिलने आए। उन्होंने मेरे पैर छूए और मैंने उन्हें आशीर्वाद दिया। मैंने उनसे कहा कि अच्छा प्रदर्शन करते रहें और विश्व कप जीतें। मैं हमेशा भारतीय टीम की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं। मैं भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं देती हूं।विराट ने मुझसे कहा कि वह बाकी के दो-तीन मैचों में मुझे देखना चाहेंगे, लेकिन मैंने उनसे कहा कि मेरे पास टिकट नहीं हैं और तब उन्होंने कहा, टिकट की चिंता ना करें। मैं आपको टिकट दूंगा।' तिरंगा स्कार्फ पहने हुए पटेल लगातार कैमरे को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहीं ओर टीम के खिलाडि़यों के साथ उनकी बातचीत को आइसीसी के आधिकारिक विश्व कप के ट्विटर हैंडल पर भी साझा किया गया। कोहली ने भी ट्विटर के जरिये पटेल और अन्य भारतीय प्रशंसकों का आभार जताया। भारतीय कपतान ने ट्वीट किया कि प्यार और समर्थन के लिए हमारे सभी प्रशंसकों का आभार करना चाहूंगा, खास तौर से चारुलता पटेल जी का। वह 87 साल की हैं और वह संभवत: सबसे ज्यादा जुनूनी प्रशंसकों में से एक और समर्पित प्रशंसक हैं जिन्हें मैंने देखा है। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी उनके टिकट की कीमत अदा करने की पेशकश की है। हालांकि अब उनको इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।Posted By: Sanjay Savern


Source: Dainik Jagran July 03, 2019 14:26 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */