संवाद सहयोगी,बरवाला : शहर के दौलतपुर रोड पर 5जी मोबाइल सर्विस की टेस्टिग के लिए एक प्लॉट में ट्रॉली पर एक अस्थाई मोबाइल टावर पुलिस बल की सहायता से लगाया गया। यहां पर यह अस्थाई टावर लगभग दो या तीन माह रखकर इसकी टेस्टिग की जाएगी। अगर टेस्टिग पास होती है तो इसको स्थाई किया जाएगा। स्थानीय लोगों के कथित विरोध के चलते आज यहां पर पुलिस बल की सहायता से यह टावर लगाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने एतराज जताया। परंतु पुलिस बल की सहायता से ट्रॉली पर अस्थाई मोबाइल टावर को स्थापित किया गया। दौलतपुर मार्ग वार्ड नंबर एक में भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी में लगाए जा रहे मोबाइल टावर को लेकर वार्ड नंबर 1,18 व 19 के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। आक्राशित वार्डवासियों धर्मेंद्र बंजारा, संजय भादड़,धर्मबीर, लहणा राम, सत्यवान, सतीश जांगड़ा,मोनू व हरपाल आदि ने बताया कि वार्ड में जो यह मोबाइल टावर लगाया जा रहा है इसकी रेंज से वार्डवासियों में लाइलाज बीमारियां पनपेगी। शहरी क्षेत्र में इस मोबाइल टावर को ना लगाए जाने बारे पुलिस प्रशासन के समक्ष कई बार गुहार लगाई गई परंतु पुलिस प्रशासन ने नहीं सुनी और मोबाइल टावर लगवाने की कार्रवाई जारी रखी। जिससे वार्डवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति काफी रोष पनप रहा है। इन वार्डवासियों ने प्रशासन से वार्ड नंबर 1 में इस मोबाइल टावर को यथाशीघ्र हटवाए जाने की मांग की है। ताकि इस क्षेत्र में मोबाइल टावर की वजह से बीमारियां ना पनप सकें। इस बारे चौकी प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी के पास परमिशन थी और प्लाट मालिक व कंपनी के बीच में एग्रीमेंट भी हो रखा था। जिस वजह से यह मोबाइल टावर लगाया गया। झगड़ा होने के अंदेशे के चलते पुलिस बल तैनात किया गया था।शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप
Source: Dainik Jagran February 06, 2021 02:36 UTC