राज्य ब्यूरो, शिमला। मौसम विभाग ने तीन अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बिजली के साथ वर्षा व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगह 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।इससे जनजीवन और फसलों पर असर पड़ सकता है। शनिवार सुबह शिमला और मनाली सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए, जबकि निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं धूप भी निकली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अप्रैल के पहले सप्ताह में भी बादले छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 29 और 30 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर आंधी-बिजली के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।31 मार्च और पहली अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर वर्षा के आसार हैं, लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दो व तीन अप्रैल को एक बार फिर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
Source: Dainik Jagran March 29, 2026 15:51 UTC