हादसा / गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में बॉयलर फटा, एक मजदूर की मौत, 6 घायल - News Summed Up

हादसा / गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में बॉयलर फटा, एक मजदूर की मौत, 6 घायल


राजधानी के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा स्थित गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में रविवार देर रात बॉयलर फटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा झुलस गए। इनमें से चार मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची स्थानीय विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा ने लोगों को शांत कराया। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मृतक मजदूर के परिजनों को 20 लाख और घायलों को दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की गई है।जानकारी के मुताबिक, सिलतरा के फेस वन में हीरा ग्रुप की गोदावरी इस्पात फैक्ट्री है। फैक्ट्री में रोज की तरह रविवार को भी काम चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे अचानक बॉयलर फट गया अौर गर्म मेटल से भरा लोडर नीचे आ गिरा। उस दौरान वहां पर कई मजदूर काम कर रहे थे। 15 फीट ऊंचाई से गर्म मेटल का लोडर गिरने के कारण चपेट में आकर बिहार निवासी मजदूर रणजीत यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन मजदूर बुरी तरह से घायल हो गए।हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मजदूरों को महादेव घाट स्थित ओम अस्पताल लाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देख पचपेड़ी नाका स्थित निजी कालरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भर्ती मजदूरों में चार रघुनाथ साहू, उमेश बंजारे, लंकेश्वर कर्श और शिव कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटना की खबर आग की तरह आसपास फैल गई। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री के खिलाफ हंगामा करने लगे। इस दौरान स्थानीय विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा भी पहुंच गईं।


Source: Dainik Bhaskar May 06, 2019 08:03 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */