इंदौर, एजेंसी। पंजाब के मंत्री एवं कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अक्सर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में आ जाते हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में सिद्धू ने भाजपा की तुलना परोक्ष रूप से 'काले अंग्रेजों' से कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को आजादी दिलाने वाली पार्टी है। यह मौलाना आजाद और महात्मा गांधी की पार्टी है। उन्होंने गोरों से आजादी दिलाई थी और तुम इंदौरवालों अब काले अंग्रेजों से इस देश को निजात दिलाओगे।बता दें कि इंदौर में आखिरी चरण के तहत 19 मई को वोटिंग होगी। इंदौर लोकसभा सीट से सुमित्रा महाजन चुनाव लड़ती थीं लेकिन इस बार भाजपा ने यहां से शंकर लालवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है। नवजोत सिंह सिद्धू यहां कांग्रेस उम्मीदवार पंकज संघवी के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। कल छठे चरण में मध्य प्रदेश की आठ सीटों, मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, भोपाल, राजगढ़, देवास पर वोटिंग होगी।इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान को लेकर चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में सिद्धू को नोटिस जारी करके 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की एक रैली में कांग्रेस नेता सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर शहीदों की लाशों पर सियासत करने का आरोप लगाते हुए उन्हें कथित तौर पर देशद्रोही कहा था।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Krishna Bihari Singh
Source: Dainik Jagran May 11, 2019 05:15 UTC