राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के कुछ जिलों में पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत की अफवाह के कारण मंगलवार देर शाम से पंपों पर भीड़ लग गई। कई जगह स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का सहयोग भी लेना पड़ा, जबकि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति निरंतर हो रही है। कमी या कटौती जैसी कहीं कोई स्थिति नहीं है। प्रदेश में सभी ऑयल कंपनियों के लगभग साढ़े चार हजार पंप हैं।प्रतिदिन की औसत खपत 1.35 करोड़ लीटर के आसपास है। आयुक्त खाद्य कर्मवीर शर्मा का कहना है कि सभी आयल कंपनियों के पास पेट्रोल-डीजल और गैस पर्याप्त स्टाक है। जितनी खपत होती है, उतनी आपूर्ति के साथ भंडारण क्षमता के अनुरूप पेट्रोलियम पदार्थों की आवक निरंतर हो रही है। कमी या कटौती की कहीं कोई बात नहीं है। इंटरनेट मीडिया पर इस तरह बात प्रसारित हुई, जिसके कारण भ्रम की स्थिति बनी।
Source: Dainik Jagran March 25, 2026 19:42 UTC