लाहौर, एएफपी। पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शोएब मलिक ने निजी कारणों के चलते 10 दिन के लिए इंग्लैंड से वापस स्वदेश लौटने का फैसला किया है। मलिक इस समय सीमित ओवरों की सीरीज के लिए इंग्लैंड में हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आधिकारिक बयान में कहा कि मलिक के 10 दिन बाद फिर से टीम में लौटने की उम्मीद है।पीसीबी ने कहा कि टीम प्रबंधन ने मलिक को 10 दिन की छुट्टी दी है ताकि वह स्वदेश लौट सकें और अपने घरेलू मामलों को सुलझा सकें। 37 वर्षीय मलिक अब इंग्लैंड के साथ होने वाले एकमात्र टी-20 मैच और पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। वह 11 मई को होने वाले दूसरे वनडे से पहले टीम से जुड़ेंगे। विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय पाकिस्तान टीम में शामिल मलिक का यह आखिरी विश्व कप होगा।अकरम को आमिर की वापसी का भरोसाकराची, एएफपी। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज वसीम अकरम को तेज गेंदबाज मुहम्मद आमिर की वापसी का भरोसा है। विश्व कप के लिए चुनी गई प्रारंभिक टीम में उनको जगह नहीं दी गई थी। माना जा रहा है अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में फॉर्म हासिल कर लेते हैं तो उनकी उम्मीद बन सकती है। सभी टीमें 23 मई तक विश्व कप के लिए चुनी गई अपनी टीम में बदलाव कर सकती हैं। साल 2011 में पांच साल का प्रतिबंध झेल चुके आमिर के लिए विश्व कप ना खेलना एक और बड़ा झटका होगा। पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज अकरम को आमिर के वापसी की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि हम उनको विश्व कप से बाहर हुआ नहीं मान सकते। इंग्लिश परिस्थतियों को देखते हुए विश्व कप में आमिर मेरी पहली पसंद होते, यह देखते हुए की उन्होंने यहां कितना अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि एक बार जब वह लय में लौट जाएंगे तो काफी अच्छा करेंगे। पाकिस्तान की प्रारंभिक विश्व कप टीम में सरफराज अहमद और हैरिस सोहेल हैं जिन्होंने 2015 का विश्व कप खेला था। मुहम्मद हफीज और शोएब मलिक जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद हैं।Posted By: Sanjay Savern
Source: Dainik Jagran April 30, 2019 11:48 UTC