Dainik Bhaskar May 06, 2019, 01:36 PM ISTआरआरबी अजमेर समेत देश भर की सभी भर्ती बोर्ड में इस परीक्षा का आयोजन एक साथ किया जाएगाआरिफ कुरैशी. रेलवे में जूनियर इंजीनियरों के 13 हजार 487 पदों पर भर्ती के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन परीक्षा मई अंत या जून के प्रारंभ हो सकती है। रेलवे भर्ती बोर्ड इस भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटा है। पहले चरण में 100 अंकों का पेपर होगा और प्रश्न पत्र हल करने के लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। आरआरबी अजमेर समेत देश भर की सभी भर्ती बोर्ड में इस परीक्षा का आयोजन एक साथ किया जाएगा। आरआरबी अजमेर के अधीन करीब 825 पदों पर भर्ती होगी। आरआरबी की ओर से परीक्षा केंद्र फाइनल की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद बोर्ड परीक्षा का निर्धारित कार्यक्रम जारी करेगा।बोर्ड सूत्राें के मुताबिक पहले चरण की ऑन लाइन परीक्षा में गणित, सामान्य बुद्धि और तर्क शक्ति, सामान्य जागरुकता और सामान्य विज्ञान खंड में से प्रश्न आएंगे। आरआरबी ने इनका विवरण जारी किया है। गणित में 30 प्रश्न पूछे जाएंगे और इनका पूर्णांक 30 होगा। सामान्य बुद्धि और तर्क शक्ति में 25 प्रश्न पूछे जाएंगे और इनके कुल अंक 25 होंगे। सामान्य जागरूता में 15 अंकों के 15 प्रश्न पूछे जाएंगे। अंत में सामान्य विज्ञान के 30 प्रश्न पूछे जाएंगे और इनके कुल 30 अंक होंगे।चारों खंड में कुल 100 प्रश्न होंगे और पूर्णांक 100 होगा। इनको हल करने के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। बोर्ड सूत्रों के अनुसार विभिन्न समुदाय के अभ्यर्थियों के लिए पात्रता के लिए अंकों का न्यूनतम प्रतिशत तय किया गया है। इसके अनुसार अनारक्षित वर्ग 40 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग 30 प्रतिशत, अनुसूचित जाति 30 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति 25 प्रतिशत होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा का प्रथम चरण छंटाई यानी स्क्रीनिंग के लिए होता है। इस चरण में शॉर्ट लिस्टेड किए अभ्यर्थी द्वितीय चरण की परीक्षा में प्रविष्ट होंगे।
Source: Dainik Bhaskar May 06, 2019 08:03 UTC