Dainik Bhaskar May 08, 2019, 05:39 PM ISTदूल्हे और उसके परिजनों ने नाराज होकर दुल्हन पक्ष के लोगों की पिटाई कीमध्यप्रदेश के ग्वालियर से आई थी बारातधौलपुर. दहेज के खातिर पिता का अपमान करने पर धौलपुर जिले के एक मैरिज होम में ग्वालियर से आई डॉक्टर दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद इंजीनियर दूल्हे समेत पूरी बारात को दरवाजे से बैरंग लौटना पड़ा। बारात में मौजूद दूल्हे और उसके परिजनों ने दहेज ना मिलने से नाराज होकर दुल्हन पक्ष के लोगों की पिटाई कर दी। दुल्हन के पिता समेत रिश्तेदारों ने महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।ग्वालियर जिले की फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोनल श्रीवास्तव ने बताया कि जीवनसाथी डॉट कॉम पर धौलपुर जिले के रहने वाले इंजीनियर सोनाल श्रीवास्तव ने शादी के लिए अपना बायोडाटा अपलोड किया था। सोनाल गुड़गांव में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। उन्होंने अपनी बेटी से शादी के लिए बातचीत की। शादी तय होने के बाद 25 मार्च को दोनों की सगाई हो गई। इसमें दुल्हन पक्ष ने 5 लाख रुपये की नकदी के साथ 2 लाख 23 हजार रुपये के आभूषण दूल्हा पक्ष के लोगों को दिए थे। इसके बाद 7 मई को धौलपुर में शादी होना तय हुआ।शादी में दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष को लगन समारोह में 1 लाख नगद के साथ 2 लाख 90 हजार रुपये का सामान दिया। लगन समारोह के बाद देर रात को बारात जैसे ही मैरिज होम के दरवाजे पर पहुंची तो दुल्हन के पिता ने दूल्हे के हाथ में एक लाख रुपये की नकदी के साथ 97 हजार 500 का सामान दिया। 8 लाख रुपए की कार भी दी।दुल्हन ने बताया कि दरवाजे पर एक लाख रुपये देने के बाद दूल्हे के पिता ने 5 लाख रूपये मांगे। इस पर दुल्हन के पिता ने शादी से पहले हुई बातचीत का हवाला दिया। दूल्हे के पिता को मनाने की कोशिश की गई। दूल्हे के पिता ने बारात को लौटाने की बात कहते हुए दुल्हन के पिता को अपमानित कर दिया।बारात के दरवाजे पर रुकने की खबर मिलने पर दुल्हन की मां ने दूल्हे की मां से बात की तो उन्होंने 5 लाख की जगह 8 लाख रुपये मांगे। सीढ़ियों पर खड़ी बारात का इंतजार कर रही दुल्हन को जब मामले का पता चला तो उसने दूल्हे को मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि दूल्हे को बुलाने पहुंचे दुल्हन के भाइयों से गाली-गलौच कर लौटा दिया गया। पिता, मां और भाइयों की बेइज्जती होने से नाराज डॉक्टर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया। दूल्हे की बहन और परिजनों ने मिलकर दुल्हन पक्ष के लोगों की मारपीट कर दी। इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोग मैरिज होम में दुल्हन पक्ष के सामान रखे कमरे में ताला डालकर बारात को लौटा ले गए। सुबह दुल्हन पक्ष के लोगों ने महिला थाने में शिकायत की।
Source: Dainik Bhaskar May 08, 2019 08:53 UTC