मुंबई में कुछ ऐसे हुआ MI पलटन का स्वागत, रोड शो में बदला जश्न का माहौलनई दिल्ली, जेएनएन। IPL 2019 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाले मुंबई इंडियंस की टीम जब अपने शहर मुंबई में पहुंची, तो फैंस ने टीम का जोरदार स्वागत किया। आइपीएल की सबसे सफल टीम बनकर हैदराबाद से मुंबई लौटी रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को फैंस का मायानगरी में खूब प्यार मिला। मुंबई एयरपोर्ट से जैसे ही टीम बस में सवार होकर निकली तो ये काफिला एक रोड शो में बदल गया। इस दौरान सड़क पर मुंबई इंडियंस के स्वागत का नज़ारा देखने लायक था।हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स को एक रन से हराकर मुंबई इंडियंस ने चौथी बार आइपीएल का खिताब जीता था। ऐसा पहली बार था जब किसी एक टीम ने चार बार आइपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। इससे पहले मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स तीन-तीन ट्रॉफियों के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर थीं। लेकिन, रविवार 12 मई को मुंबई इंडियंस ने एक और खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इसी खिताबी जीत के बाद मुंबई इंडियंस अपने शहर पहुंची थी।मुंबई इंडियंस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट के अलावा टीम के कई सदस्यों ने इस जश्न के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं, जिनमें कृणाल पांड्या, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और कप्तान रोहित शर्मा का नाम है। उधर, टीम की मालकिन नीता अंबानी भी ट्रॉफी के साथ काफी खुश नज़र आ रही हैं।एक अन्य फोटो में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा चार आइपीएल ट्रॉफियों के साथ खड़े हैं। बता दें कि रोहित शर्मा की ही कप्तानी में मुंबई इंडियंस सात साल में चार बार चैंपियन बनी है।अपनी चहेती टीम के स्वागत में फैंस ने ढोल नगाड़े भी बजाए और टीम का स्वागत जोरदार तरीके से किया।लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एपPosted By: Vikash Gaur
Source: Dainik Jagran May 14, 2019 05:02 UTC