मास्क बनाने की फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत - News Summed Up

मास्क बनाने की फैक्ट्री में लगी आग, एक की मौत


जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : मायापुरी इलाके में शनिवार तड़के मास्क बनाने की फैक्ट्री में लगी आग से एक शख्स की दम घुटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जुगल किशोर के रूप में हुई। घटनास्थल पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इन दोनों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस दिशा में छानबीन की जा रही है।जानकारी के मुताबिक शनिवार तड़के चार बजे दमकल विभाग को मायापुरी औद्योगिक इलाके में आग लगने की जानकारी मिली। आग तीसरी मंजिल पर लगी थी। सूचना के बाद दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेज दिया गया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने पाया कि फैक्ट्री का प्रवेश द्वार बंद था। इसके बाद सबसे पहले प्रवेश द्वार को तोड़कर दमकलकर्मी तीसरी मंजिल पर पहुंचे। आग लगने के कारण चारो तरफ धुआं ही धुआं फैला हुआ था। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया साथ ही इसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। यहां पर तीन लोग रह रहे थे और धुआं के कारण बेहोश हो गए थे। तीनों को बाहर निकालकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया गया, जहां जुगल किशोर को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि फिरोज अंसारी और अमन अंसारी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यहां पर मास्क बनाने के लिए काफी मात्रा में कपड़े रखे थे, जिसके कारण आग की लपटें निकल रही थीं। करीब दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान सुबह-सुबह शोर सुनकर स्थानीय लोग भी यहां जमा होने लगे थे। सभी को घटनास्थल से दूर किया गया। स्थानीय निवासी पुष्पा ने बताया कि अचानक बिजली के तार से चिगारी निकलने लगी थी। इसके बाद नींद खुली तो देखा कि मास्क बनाने की फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। कई बार जुगल किशोर को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने कहा कि पूरे दिन काम करने के बाद ये तीनों फैक्ट्री में ही सो जाते थे।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस


Source: Dainik Jagran December 26, 2020 15:11 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */