-सोनिया विहार इलाके में बनाया गया है मंदिर, शोभा यात्रा भी निकाली गईलोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का किया अभिनंदन, भंडारे का भी आयोजन जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : विश्व हिदू परिषद (विहिप), करावल नगर जिला की तरफ से सोनिया विहार पहले पुश्ते के पास मां भारती का मंदिर तैयार किया गया है। इसमें रविवार को मां भारती की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इससे पहले यहां शोभायात्रा निकाली गई। इसमें अपनी भूमि से संबंधित झांकियां रखी गईं। इसमें बजरंग दल के कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे। क्षेत्र के लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। वहीं कुछ जगहों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर मुख्यवक्ता के रूप में पहुंचे विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। संपूर्ण विश्व में सिर्फ भारत भूमि को ही माता कहा जाता है। इस भूमि पर अनेकों देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों ने अवतार लिया। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमने भारत भूमि पर जन्म लिया और उससे भी हिदू धर्म में जन्म लिया। यहां के लोग सौभाग्यशाली हैं कि उनके यहां भारत माता मंदिर स्थापित हुआ है। भारत माता के पूजन से सभी देवी-देवताओं का पूजन हो जाता है। मनुष्य के जीवन में विचारों, संस्कारों, सदाचारों में देशभक्ति की भावना उत्पन्न होती है। देश भक्ति सभी गुणों की जननी है।प्रांत मंत्री बचन सिंह ने कहा कि राजधानी के हर जिले में इसी प्रकार भारत माता की मूर्ति स्थापित की जाएगी, जिससे समस्त दिल्ली वासियों में देशभक्ति का भाव उत्पन्न हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रांत सेवा प्रमुख तेजवीर, पुरोहित दयालु महाराज, धर्माचार्य प्रमुख प्रवीण शर्मा, दुर्गावाहिनी के प्रांत सह संयोजक वंदना, प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख महेंद्र रावत, यमुना विहार विभाग अध्यक्ष भगत, विभाग मंत्री रवि, विभाग उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक अभिलाष सिंह परिहार मौजूद रहे।Posted By: Jagranअब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
Source: Dainik Jagran September 29, 2019 15:56 UTC