भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश के दो युवकों के नाम पर मुंबई स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में खुले खाते में 274 करोड़ रुपये जमा होने और फिर इस राशि को निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है। इस लेनदेन को लेकर आयकर विभाग ने युवकों को साढ़े चार करोड़ रुपये का टैक्स जमा करने को लेकर नोटिस जारी किया है। दोनों युवकों सामान्य नौकरीपेशा हैं और इस लेनदेन की जानकारी मिलने से हैरान भी हैं। पहेली बने 274 करोड़ रुपये की छानबीन में आयकर विभाग जुट गया है। इस रकम के लेनदेन में कुछ डायमंड (हीरा) कंपनियों के नाम भी सामने आए हैं।इस मामले में आयकर विभाग के अधिकारी मौन हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि विभाग ने गोपनीय छानबीन शुरू कर दी है। एक्सिस बैंक की बांद्रा रिक्लेमेशन शाखा में रवि गुप्ता (भिंड निवासी) के नाम से खोले गए खाते में 132 करोड़ रुपये एवं कपिल शुक्ला (रीवा निवासी) के खाते में 142 करोड़ रुपये जमा हुए और चार-पांच महीने में निकाल भी लिए गए। रकम का लेनदेन अगस्त 2011 से जनवरी 2012 के बीच हुआ। यह राशि कहां से आई और कहां गई, इसका राजफाश होना बाकी है। दोनों खातों के लेनदेन के ब्योरे से पता चला है कि यह रकम 30 लाख से लेकर दो करोड़ रुपये तक करीब ढाई दर्जन कंपनियों से आई और 10-15 करोड़ रुपये की रकम इकट्ठा होते ही करीब आधा दर्जन कंपनियों में एकमुश्त डाली गई। इनमें से ज्यादातर कंपनियां उस वक्त डायमंड कंपनियों के बतौर पंजीबद्ध थीं, जो बाद में किन्हीं कारणों से बंद हो गई।दोनों युवक भी संदेह के घेर मेंआयकर विभाग ने दोनों युवकों को भी संदेह के दायरे में रखा गया है। इसके साथ ही टैक्स वसूली के लिए उन्हें क्रमश: 3.5 करोड़ एवं 1.06 करोड़ रुपये जमा कराने के नोटिस दिए गए हैं। विभाग ने उन पर कार्रवाई करने की तैयारी भी कर ली है। इन युवकों का दावा है कि मुंबई एक्सिस बैंक के जिस खाते में यह भारी भरकम राशि जमा हुई, वह उनके नाम पर खोले गए फर्जी खाते थे।सीबीआइ को दिया आवेदनमामला वर्ष 2011-12 का है, जब दोनों युवकों के खाते में यह राशि जमा हुई। तब दोनों युवक इंदौर स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी टेली परफार्मेस कंपनी (कॉल सेंटर) में काम करते थे। एक युवक रवि गुप्ता ने पुलिस और सीबीआइ को आवेदन देकर कहा है कि इस मामले में वह बेकसूर है, उसके नाम पर फर्जी खाते किसने और क्यों खोले? और इतनी बड़ी राशि कहां से आई और कहां गई? इसकी जांच कराई जाए। इसमें बड़ी साजिश नजर आ रही है।Posted By: Sanjeev Tiwariडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran January 23, 2020 15:32 UTC