यूपी एसटीएफ ने बुलंदशहर हिंसा की घटना में वांछित सचिन उर्फ कोबरा एवं जौनी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. यूपी एसटीएफ उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना में तीन दिसम्बर को हुई हिंसा की घटना में वांछित चले रहे अभियुक्त सचिन उर्फ कोबरा एवं जौनी चौधरी को गिरफ्तार करने में सफल हो गई है. हालांकि घटना का मुख्य आरोपी योगेश राज अब तक फरार है.मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसटीएफ नोएडा की टीम ने उक्त घटना में शामिल व वांछित अभियुक्त सचिन उर्फ कोबरा एवं जौनी चौधरी को मंगलवार को शाम चार बजे गठिया बादशाहपुर बस स्टैंड थाना स्याना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार मिश्रा एवं पुलिस उपाधीक्षक विनोद सिंह सिरोही ने घटना में शामिल अभियुक्तों की पहचान करने के बाद गिरफ्तारी सुनिश्चित की. थाना स्याना में इन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज है.
Source: NDTV December 18, 2018 15:11 UTC