एसबीआइ व आइडीबीआइ के दो रूट के एटीएम में कैश लोड करने वाले कर्मचारियों ने एक करोड़ 57 लाख 35 हजार 400 रुपये का गबन किया है। मामले में सिक्योर वैल्यू इंडिया लि. मुजफ्फरपुर के शाखा प्रबंधक व मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के दिनकर निवासी ने एफआइआर कराई है।जागरण संवाददाता, छपरा : छपरा शहर में एसबीआइ व आइडीबीआइ के दो रूट के एटीएम में कैश लोड करने वाले कर्मचारियों ने एक करोड़ 57 लाख 35 हजार 400 रुपये का गबन किया है। मामले में सिक्योर वैल्यू इंडिया लि. मुजफ्फरपुर के शाखा प्रबंधक व मुजफ्फरपुर सदर थाना क्षेत्र के दिनकर निवासी सुभाष कुमार ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमे कैश उठाव व वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाले मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी बैज निवासी सुरेंद्र पाठक के पुत्र मुन्ना कुमार पाठक के अलावा रूट वन में कैश लोड करने वाले लोडर मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी शिवेश तिवारी, एकमा परसागढ़ के नवल किशोर पांडेय तथा रूट टू के लोडर नयागांव के डुमरी बुजुर्ग निवासी उज्ज्वल कुमार तिवारी एवं नगर थाना क्षेत्र के धानुक टोला निवासी दीपक कुमार को आरोपित किया है।शाखा प्रबंधक ने कैश उठाव वितरण एवं एटीएम से निकासी से संबंधित रिकार्ड की जांच के दौरान सात से 10 अक्टूबर के बीच बड़ी राशि का शार्टेज पाया। चूंकि शार्टेज की राशि बड़ी थी, इसलिए कंपनी के आडिटर से इसकी आडिट कराई। इसमें उक्त अवधि में रूट संख्या वन में 24 लाख 8200 रुपये व रूट टू में एक करोड़ 33 लाख 27 हजार 200 रुपये समेत कुल एक करोड़ 57 लाख 35 हजार 400 रुपये का शार्टेज पाया गया। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि सिक्योर वैल्यू इंडिया लिमिटेड इंडिया वन टाटा इंडीकैश एटीएम लोडर द्वारा छपरा शहर के एसबीआइ मेन ब्रांच तथा शिवनंदन पर स्थित आइडीबीआइ एटीएम में पैसा लोडिंग का काम कंपनी द्वारा किया जाता है। कैश शार्टेज का मामला सामने आने पर कंपनी के शाखा प्रबंधक ने लोडर व वितरक को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित शाखा कार्यालय में बुलाया। इन लोगों ने आने से इन्कार करने के साथ ही कहा कि नौकरी छोड़ चुके हैं। इसके बाद शाखा प्रबंधक द्वारा छह नवंबर को इस मामले की लिखित शिकायत कर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source: Dainik Jagran November 22, 2021 07:28 UTC