इस्लामाबाद. टीवी और इंटरनेट पर ब्लूप्रिंट देखकर पाकिस्तान में एक पॉपकॉर्न बेचने वाले शख्स ने अपना खुद का प्लेन बनाया है। पाक एयरफोर्स ने मोहम्मद फय्याज के बनाए हुए इस प्लेन को देखकर उनकी सराहना की और उन्हें सर्टिफिकेट भी दिया। फय्याज पाक के पंजाब प्रांत के ताबुर गांव के रहने वाले हैं। फय्याज ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं। अब उनके इस प्लेन को देखने आसपास के इलाके के लोग भी आ रहे हैं।फय्याज ने प्लेन बनाने के लिए किसी बड़ी तकनीकी का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि रोड कटर के इंजन और रिक्शे के मामूली पहियों से ही यह प्लेन बना दिया। प्लेन के विंग बनाने के लिए उसने टाट का कपड़ा इस्तेमाल किया। इस आविष्कार को 'मिनी बेसिक एयर प्लेन' नाम दिया गया।32 साल के फय्याज के कहा, 'जब मैंने अपना बनाया हुआ प्लेन पहली बार उड़ाया, मैं वाकई हवा में उड़ रहा था। मैं यह महसूस कर सकता था। इसके अलावा मुझे और कुछ भी महसूस नहीं हुआ।' फय्याज ने बताया कि एयर फोर्स के लोगों ने मिलकर उसके काम की सराहना की और उसे सर्टिफिकेट भी दिया।फय्याज ने बताया कि एयरफोर्स ज्वॉइन करना उनके बचपन का सपना था, लेकिन उसके पिता की मौत हो गई और उन्हें 8वीं कक्षा में ही स्कूल छोड़ना पड़ा। इसके बाद उन्हें अपनी मां और 5 छोटे भाई-बहनों का पेट पालने के लिए छोटे-मोटे काम करने पड़े।प्लेन बनाने के लिए फय्याज को काफी लागत की जरूरत थी। इसके लिए वो दिन के समय वे पॉपकॉर्न बेचते और रात में गार्ड की नौकरी करते। उन्हें प्लेन बनाने के लिए अपनी जमीन का कुछ हिस्सा भी बेचना पड़ा। उन्होंने एक एनजीओ से 50 हजार रुपए का लोन भी लिया।
Source: Dainik Bhaskar May 06, 2019 11:11 UTC