समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने सोमवार को कहा कि वह दिल्ली में बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) का और दो सीटों पर आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) का भी समर्थन करेगी. सपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आरएस यादव ने एक बयान में कहा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार दिल्ली में सपा कार्यकर्ता बसपा उम्मीदवारों के लिए काम करेंगे. वहीं कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह सभी विभागों में दिल्ली सरकार की नाकामियां गिनाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का ‘रिपोर्ट कार्ड' जारी करेगी. पार्टी की दिल्ली इकाई ने कहा कि वह मंगलवार को ‘रिपोर्ट कार्ड' जारी करेगी. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल और डीजल सस्ते थे, क्योंकि वैट की दरें कम थीं.
Source: NDTV May 07, 2019 02:15 UTC