जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :एक बुजुर्ग को उनके दस लाख रुपये लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाली सफाई कर्मचारी रोशनी देवी को नगर निगम ने सम्मानित किया है। महापौर निर्मल जैन ने निगम मुख्यालय में प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर रोशनी देवी का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि रोशनी देवी ने नगर निगम के सभी कर्मचारियों को ईमानदारी की राह दिखाई है।इस मौके पर उपमहापौर हरि प्रकाश बहादुर, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, नेता सदन प्रवेश शर्मा, स्थायी समिति उपाध्यक्ष दीपक मल्होत्रा, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष केके अग्रवाल, शिक्षा समिति अध्यक्ष रोमेश गुप्ता, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष कंचन महेश्वरी, पर्यावरण प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीर सिंह पंवार, निर्माण समिति अध्यक्ष पुनीत शर्मा, पार्षद राजीव चौधरी और निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने रोशनी देवी की भूरी-भूरी प्रशंसा की और विश्वास जताया कि निगम के कर्मचारी उनके इस आचरण से प्रेरणा लेंगे और जीवन में ईमानदारी के उच्चतम मूल्यों को अपनाएंगे। बता दें कि कांति नगर वार्ड में कार्यरत रोशनी देवी मंगलवार को शंकर नगर एक्सटेंशन की गली नंबर-छह में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पास में रहने वाले सोनू नंदा नामक बुजुर्ग ने गलती से मिठाई की जगह नोटों से भरा एक थैला दे दिया था। रोशनी ने घर पहुंचने पर थैला खोला तो उसनें नोटों की गड्डियां थीं। इसे लेकर वह स्वास्थ्य समिति चेयरमैन और स्थानीय पार्षद कंचन महेश्वरी के कार्यालय में पहुंच गईं। यहां सोनू नंदा के बारे में पता लगाया गया और उन्हें बुलाया गया। इसके बाद रोशनी ने उनका थैला उन्हें वापस कर दिया। इसमें दस लाख रुपये थे।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran November 18, 2020 16:18 UTC