तीन एटीएम काटकर बदमाश तीस लाख से ज्यादा रुपये ले उड़े - News Summed Up

तीन एटीएम काटकर बदमाश तीस लाख से ज्यादा रुपये ले उड़े


जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : कीर्ति नगर, मादीपुर व नारायणा इलाके में बदमाशों ने शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार सुबह चार बजे तक विभिन्न बैंकों के एटीएम को गैस कटर से काटकर 30 लाख से ज्यादा रुपये उड़ा लिए। अभी तक इस मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों ने कीर्ति नगर व नारायणा में एक्सिस बैंक व मादीपुर में पीएनबी बैंक के एटीएम पर हाथ साफ किए। आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आए हैं। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इन तीनों घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ है। ज्ञात हो कि इसी तरह की घटना उत्तर पश्चिमी दिल्ली, यमुनापार और बाहरी दिल्ली इलाके में हुई थी। ऐसे में पुलिस के लिए अब यह गिरोह सिरदर्द साबित हो रहा है।जानकारी के मुताबिक कार सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात 12.40 बजे मादीपुर इलाके में एटीएम को निशाना बनाया। इसके बाद वे कीर्ति नगर इलाके में ढाई बजे पहुंचे और एटीएम काटकर पैसे निकाल लिए। यहां वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश नारायणा इलाके में गए और पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे किया और इसके बाद गैस कटर से एटीएम काटकर पैसे निकाल लिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसमें मेवात के बदमाशों का हाथ हो सकता है। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए। सभी बदमाश अपना चेहरा ढके हुए थे, इस कारण इनकी पहचान में परेशानी आ रही है। बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य स्थानों पर दबिश दे रही है। इसके अलावा थाना पुलिस स्पेशल सेल, स्पेशल स्टाफ व वाहन चोरी निरोधक दस्ता पुलिस को भी छानबीन की जिम्मेदारी दी गई है। हाल फिलहाल में जेल से बाहर निकले बदमाशों पर भी पुलिस नजर रख रही है। अधिकारियों ने बताया कि बदमाश कितने पैसे ले गए हैं इसके बारे में सही जानकारी के लिए बैंकों से संपर्क किया गया है। अभी तक की जानकारी में तीस लाख से ज्यादा रुपये ले जाने की बात सामने आ रही है।डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस


Source: Dainik Jagran December 26, 2020 14:48 UTC



Loading...
Loading...
  

Loading...

                           
/* -------------------------- overlay advertisemnt -------------------------- */