सबरीमाला (केरल), प्रेट्र। चार किन्नरों ने मंगलवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना की। पारंपरिक काले रंग की साड़ी पहने अनन्या, तृप्ति, रेंजुमल और अवंतिका ने इस दौरान भगवान को चढ़ाने के लिए पारंपरिक 'इरुमुदिकेतु (भगवान का चढ़ावा)' ले रखा था। इन चारों को पुलिस ने निलक्कल से पंबा तक सुरक्षा प्रदान की। बता दें कि इससे पहले सोमवार को इन्हें मंदिर की ओर बढ़ने से रोक दिया गया था।चारों ने कहा कि वे इसको लेकर अत्यंत खुश हैं कि उन्हें मंदिर में पूजा करने का मौका मिला। यह उनके जीवन का एक मिशन था जो साकार हो गया। इन चारों ने सोमवार को केरल हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त निगरानी समिति के सदस्य डीजीपी ए हेमचंद्रन और पुलिस महानिरीक्षक मनोज अब्राहम से सोमवार को यहां मुलाकात की थी जिसके बाद इन्हें आगे बढ़ने की इजाजत दी गई। पुलिस ने इससे पहले उनकी यह कहकर कोई मदद करने से इनकार कर दिया था कि उन्हें इस मुद्दे पर कुछ विधिक स्पष्टीकरण लेना है।बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने सबरीमाला मंदिर में 10-50 आयुवर्ग के बीच की महिलाओं के प्रवेश पर लगी पाबंदी को हटा दिया था, जिसके बाद से राज्य में लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद भी 10-50 से आयुवर्ग की कोई भी महिला विरोध-प्रदर्शनों के चलते प्रवेश नहीं कर सकी है।Posted By: Manish Negi
Source: Dainik Jagran December 18, 2018 12:45 UTC