दैनिक भास्कर Jun 22, 2020, 06:44 AM ISTअलवर. सूर्य नगर के ब्लॉक-डी में सड़क किनारे रविवार को एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। उसके हाथ में चोट के निशान थे और नाक से खून निकला हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।एनईबी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव को पाेस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 65 वर्षीय दयाल सिंह पुत्र दरबार सिंह निवासी गांव दादर थाना सदर के रूप में हुई। उसकी पेंट की जेब में 21 हजार रुपए मिले।थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के बेटे तारा सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पिता दयाल सिंह शनिवार को मंडी में गेहूं बेचकर 25 हजार रुपए लेकर चला था। उसका शव लावारिस हालत में मिला है। बेटे ने पिता की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या करने की आशंका जताई है। दयालसिंह की बाइक घटना स्थल से कुछ दूर पड़ी मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Source: Dainik Bhaskar June 22, 2020 01:07 UTC