कोरोना संकट: 32 करोड़ गरीबों को मिले 29,352 करोड़ रुपये, जानें किसे मिला कितना फायदानई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत 13 अप्रैल तक 32 करोड़ से अधिक लोगों को 29,352 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी गई है। इस योजना की घोषणा 26 मार्च को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने की थी। कोरोनावायरस संक्रमण को रोकने के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन से प्रभावित सेक्टर्स के लिए सरकार द्वारा घोषित 1.70 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज के तहत देश के गरीब तबके को यह वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी गई है।वित्त मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 13 अप्रैल, 2020 तक 5.29 करोड़ लाभार्थियों को 2.65 लाख मैट्रिक टन अनाज वितरित किए गए हैं। विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को 3,985 मैट्रिक टन दाल भी भेजा गया है।मंत्रालय ने कहा कि 13 अप्रैल तक 7.47 करोड़ किसानों को पीएम-किसान योजना की पहली किस्त सीधा उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। इस मद में अब तक 14,946 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। दूसरी ओर, 13 अप्रैल तक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को 97.8 लाख फ्री गैस सिलेंडर डिलीवर किए जा चुके हैं।इसी तरह मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक कोविड-19 की वजह से अबतक 2.1 लाख EPFO सब्सक्राइबर्स अपने इपीएफओ अकाउंट से 510 करोड़ रुपये की राशि निकाल चुके हैं।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत 13 अप्रैल तक नेशनल सोशल एसिस्टेंस प्रोग्राम (NSAP) के तहत 2.82 करोड़ बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को 1,400 करोड़ रुपये की राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई है। वहीं 19.86 करोड़ महिला जनधान खाताधारकों के खातों में 9,930 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है।इसी बीच गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने कहा है कि श्रम मंत्रालय ने श्रमिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के निपटारे के लिए नियंत्रण कक्षों की स्थापना की है।Posted By: Ankit Kumarडाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस
Source: Dainik Jagran April 14, 2020 12:49 UTC